

बिलासपुर। जिला अस्पताल के डायलिसिस वार्ड में लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि डायलिसिस के दौरान मशीन से मरीज का खून लगातार बाहर बहता रहा, लेकिन वार्ड में कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर निवासी द्वारिका प्रसाद डायलिसिस कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे। उनके साथ उनका पोता युवराज भी था। परिजनों का आरोप है कि डायलिसिस के दौरान अचानक मशीन से खून बाहर निकलने लगा। मरीज ने कई बार स्टाफ को आवाज लगाई, लेकिन कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
इसके बाद मरीज ने अपने पोते युवराज को फोन कर बुलाया। युवराज के वार्ड पहुंचने पर मशीन से निकला खून जमीन पर फैला हुआ था। कुछ देर बाद एक कर्मचारी ने पहुंचकर खून की सफाई की।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत करने का प्रयास किया, लेकिन उस समय संबंधित प्रबंधक अवकाश पर थे और ड्यूटी पर आरएमओ भी मौजूद नहीं थे। उनका आरोप है कि डायलिसिस प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता से भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना का वीडियो बनाने पर उन्हें मानहानि का नोटिस भेजने की चेतावनी दी गई।
मामले में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. ए. कुजुर ने कहा कि उनकी तबीयत खराब होने के कारण वे अस्पताल नहीं आ सके। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी लेकर संबंधित कर्मचारियों से जवाब-तलब किया जाएगा और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
