
बिलासपुर। मार्निंग वॉक के दौरान नकाबपोश बदमाशों के जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल कांग्रेस नेता श्याम कश्यप की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। इलाज के दौरान उनकी बाईं आंख को गंभीर क्षति पहुंचने के कारण डॉक्टरों को ऑपरेशन कर आंख निकालनी पड़ी। वर्तमान में उनका रायपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई की सुबह श्याम कश्यप रोज की तरह मार्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान रेलवे क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावरों का इरादा उनकी हत्या करना था, लेकिन आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ने पर वे मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल कश्यप को पहले रेलवे अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों को उनकी बाईं आंख निकालनी पड़ी।
घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, विजय पांडेय, विजय केशरवानी, अर्जुन तिवारी, राजेश पांडेय और समीर अहमद सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से मुलाकात कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि बिलासपुर जैसे शांत शहर में एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं, एसएसपी रजनेश सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और एक-दो दिन के भीतर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
