

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस के “आओ संवारें कल अपना” एवं “चेतना अभियान–अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर” के तहत पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को हॉकी की खेल सामग्री वितरित की। अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें नशे, मोबाइल की लत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रखना है।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों से अच्छी आदतें अपनाने, अपराध और गलत संगत से दूर रहने तथा समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
बिलासपुर पुलिस द्वारा पुलिस ग्राउंड में स्थानीय बच्चों और पुलिसकर्मियों के बच्चों को नियमित रूप से हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में बच्चों को हॉकी स्टिक, बॉल, गार्ड, टी-शर्ट और गोलकीपर किट सहित अन्य खेल सामग्री वितरित की गई। खेल सामग्री पाकर बच्चों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने एसएसपी का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बचपन में मिलने वाली सही शिक्षा और मार्गदर्शन बच्चों के भविष्य का आधार बनता है। इसी सोच के साथ चेतना अभियान के माध्यम से विभिन्न वर्गों के लोगों को जोड़कर समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत किया जा रहा है, ताकि युवा नशे, व्यसन और अपराध से दूर रहकर समाज के विकास में अपनी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक , रक्षित निरीक्षक , पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, पुलिस अधिकारी और बच्चे उपस्थित रहे।
