
बिलासपुर। चकरभाठा थाना पुलिस ने धमनी बस्ती मार्ग पर धारदार लोहे की छुरी लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त छुरी जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम पंचायत धमनी के अटल चौक के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार लोहे की छुरी लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल सारथी (38), पिता दाऊलाल सारथी, निवासी ग्राम चकरभाठा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे की छुरी बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
