
बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने संपत्ति अपने नाम कराने के लिए अपने ही पिता से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का गंडासा और कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार राजकिशोर नगर निवासी प्रकाश केसरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बड़ा बेटा विवेक केसरी (34), निवासी नवापारा, दयालबंद, कोई काम-धंधा नहीं करता और नशे का आदी है। आरोप है कि वह लंबे समय से परिवार की पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था और इसका विरोध करने पर आए दिन मारपीट करता था।
शिकायत के मुताबिक 6 जुलाई की शाम करीब छह बजे विवेक केसरी अपनी कार से राजकिशोर नगर स्थित घर पहुंचा। वहां उसने संपत्ति अपने नाम करने की बात को लेकर पिता के साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद वह लोहे का गंडासा लेकर उन्हें जान से मारने की नीयत से दौड़ाने लगा। जान बचाने के लिए प्रकाश केसरी घर से निकलकर सड़क की ओर भागे और छिपकर अपनी जान बचाई। घटना में उनकी पीठ और पसली में चोटें आई हैं।
शिकायत के आधार पर सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1015/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के प्रावधानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बसंत विहार चौक के पास अपनी कार में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फॉक्स कार (सीजी-10 बीपी-220) और लोहे का गंडासा जब्त किया गया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बिलासपुर की अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
