
बिलासपुर। जिला न्यायालय परिसर में पेशी पर लाए गए एक बंदी को सिगरेट देने से रोकने पर दो अज्ञात महिलाओं द्वारा ड्यूटी पर तैनात आरक्षक से अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार बंजारा शनिवार को बंदी आशीष लारेंस को पेशी के बाद कोर्ट से वापस लॉकअप ले जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने बंदी को सिगरेट और माचिस देने का प्रयास किया। आरक्षक ने सुरक्षा कारणों से युवक को ऐसा करने से रोक दिया।
इस बात पर वहां मौजूद दो अज्ञात महिलाएं आरक्षक से उलझ गईं और कथित तौर पर अभद्रता करते हुए धमकी देने लगीं। आरक्षक ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और इसकी जानकारी तत्काल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) को दी।
सीजेएम के निर्देश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
