
बिलासपुर। करबला रोड पर सड़क पर क्रिकेट खेल रहे युवकों को समझाइश देना एक पान व्यवसायी को महंगा पड़ गया। मामूली बात पर विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने व्यवसायी के साथ मारपीट कर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोट आई। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, टिकरापारा के खटिक मोहल्ला निवासी अंशु खटिक पान दुकान का संचालन करता है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे वह अपने मित्र अप्पू और करण के साथ गोल बाजार से घर लौट रहा था। जब वे करबला स्थित संत रविदास चौक के पास पहुंचे, तब कुछ युवक सड़क पर क्रिकेट खेल रहे थे।
इसी दौरान क्रिकेट की गेंद अंशु को आकर लगी। इस पर उसने युवकों को सड़क पर सावधानी से खेलने की समझाइश दी। आरोप है कि बात से नाराज होकर अन्नू बक्सरे और देव बक्सरे ने अंशु के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके बाद क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। हमले में अंशु के चेहरे पर गंभीर चोट आई।
घटना की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
