

बिलासपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को देवकीनंदन दीक्षित सभा भवन में विराट त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 500 युवाओं ने त्रिशूल धारण कर धर्म, राष्ट्र और समाज की रक्षा का संकल्प लिया। जय श्रीराम और भारत माता की जय के उद्घोष के बीच आयोजित कार्यक्रम में युवाओं से सामाजिक सेवा, संगठन और सांस्कृतिक जागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विहिप के केंद्रीय मंत्री विश्वमोहन भट्ट ने कहा कि सनातन परंपरा में शस्त्र केवल शक्ति प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि धर्म, संस्कृति, मातृशक्ति और आत्मसम्मान की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ने कभी किसी पर आक्रमण नहीं किया, लेकिन जब-जब धर्म और संस्कृति पर संकट आया, समाज ने संगठित होकर उसका सामना किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि रामरूप दास महाराज तथा रायगढ़ के तुरंगा आश्रम के आचार्य राकेश महाराज की उपस्थिति में हुआ। आचार्य राकेश महाराज ने कहा कि राष्ट्र और समाज की मजबूती के लिए युवाओं का संस्कारित और संगठित होना आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक युवा से समाज सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उद्योगपति प्रवीण झा ने सामाजिक एकता और सेवा कार्यों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में आचार्य राकेश महाराज एवं विहिप के प्रांत संयोजक शुभम नाग ने युवाओं को विधिवत त्रिशूल दीक्षा दिलाई। त्रिशूल धारण करने के बाद सभी युवाओं ने धर्म, राष्ट्र सेवा और समाज जागरण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में विश्वमोहन भट्ट ने कहा कि त्रिशूल दीक्षा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज सेवा और संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प है। उन्होंने धर्मांतरण, नशाखोरी और सामाजिक विघटन जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों पर समाज को संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने राम जन्मभूमि और अमरनाथ आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि संकल्प तभी सार्थक होता है, जब उसे पूरा करने का दृढ़ निश्चय हो।
कार्यक्रम में विहिप के प्रांत मंत्री पूर्णेद्र सिन्हा, प्रांत संयोजक शुभम नाग, जिला अध्यक्ष सौमित्र गुप्ता, प्रांत सह मंत्री नंदूराम साहू, महेंद्र जैन, डॉ. ललित माखीजा, भाजपा जिला महामंत्री यश मनहर, भृगु अवस्थी, दीपक सोनी सहित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, मातृशक्ति एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रांत सह कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी जिला बजरंग दल संयोजक गौरव धनकर, कार्यक्रम संयोजक अंकुश ठाकुर एवं उनकी टीम ने संभाली।
