

बिलासपुर। जूदेव स्मृति सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कोनी के संचालन व्यवस्था को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर ग्रामीण ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को उसकी ही सरकार के कार्यकाल की याद दिलाई है। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल एवं जिला प्रवक्ता प्रणव शर्मा समदरिया ने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है और अपनी सरकार की विफलताओं पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को वर्ष 2014-15 में भाजपा सरकार के समय स्वीकृति मिली थी तथा वर्ष 2018 में इसका निर्माण कार्य पूर्ण हो गया था। इसके बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बावजूद अस्पताल प्रारंभ नहीं किया जा सका। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अस्पताल में स्थापित होने वाली मशीनों के डिब्बे तक नहीं खोल पाई, जिसके कारण उपकरणों का मेंटेनेंस अनुबंध समाप्त हो गया और प्रदेश की जनता आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वर्षों तक वंचित रही।
जिला प्रवक्ता प्रणव शर्मा समदरिया ने कहा कि कांग्रेस के एक पूर्व विधायक ने शहरभर में होर्डिंग लगाकर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का श्रेय लेने का प्रयास किया था। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष से सवाल किया कि क्या वे अपने ही पूर्व विधायक से पूछेंगे कि जब कांग्रेस की सरकार थी तब अस्पताल शुरू क्यों नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपनी सरकार की जवाबदेही तय करे, उसके बाद भाजपा पर आरोप लगाए।
भाजपा नेताओं ने बताया कि प्रदेश में पुनः भाजपा सरकार बनने के बाद 29 अक्टूबर 2024 को सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का संचालन प्रारंभ किया गया। वर्तमान में अस्पताल में आवश्यक मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर एवं अधिकांश जरूरी उपकरण उपलब्ध हैं तथा जिन उपकरणों की आवश्यकता है, उनके लिए राज्य शासन को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में नियमित भर्ती एवं ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है। जहाँ पहले प्रतिदिन केवल 10 से 20 मरीज आते थे, वहीं अब प्रतिदिन लगभग 120 से 140 मरीज उपचार के लिए पहुँच रहे हैं। अस्पताल में लिथोट्रिप्सी सुविधा के माध्यम से लगभग 50 पथरी रोगियों का बिना चीर-फाड़ सफल उपचार किया जा चुका है। न्यूरोलॉजी एवं यूरोलॉजी की शल्यक्रियाएँ सप्ताह में चार दिन नियमित रूप से की जा रही हैं। अन्य अस्पतालों से रेफर किए गए गंभीर मरीजों के सफल ऑपरेशन भी यहाँ किए जा रहे हैं तथा जटिल स्पाइन सर्जरी में भी चिकित्सकों को उल्लेखनीय सफलता मिल रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र मरीजों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। वर्तमान में अस्पताल में कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एनेस्थीसिया, मेडिसिन, लैब मेडिसिन, डायलिसिस एवं रेडियो डायग्नोस्टिक जैसी विशेषज्ञ सेवाएँ उपलब्ध हैं।
भाजपा ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य बिलासपुर सहित पूरे संभाग के नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है और सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल उसी दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य कर रहा है।
प्
