

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले तेज रफ्तार मालवाहक वाहन से दोनों युवकों को टक्कर मारी और उनके गिरते ही लाठी, बल्ली और फाइबर की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों का उपचार सिम्स अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अपोलो चौक के पास हुई। घायल युवकों के दोस्त निखिल ध्रुव (16) ने शिकायत में बताया कि उसके मित्र आदित्य महंत उर्फ रिंकू और रवि गंधर्व सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान चिंगराजपारा की ओर से आ रहे एक छोटे मालवाहक वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।
शिकायत के मुताबिक, वाहन से बाण्डूया और बऊवा नाम के युवक नीचे उतरे। कुछ ही देर बाद उनका साथी अमन नायडू कार से मौके पर पहुंच गया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर आदित्य और रवि पर लाठी, बल्ली और फाइबर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में आदित्य महंत के सिर, कान, गले और सीने पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रवि गंधर्व की आंख, सिर और दोनों पैरों में गंभीर चोट लगी है। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सरकंडा पुलिस ने निखिल ध्रुव की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
