

बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम अमसेना में चोरों ने सीआईएसएफ के एक सब-इंस्पेक्टर के सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने-चांदी के जेवर और महत्वपूर्ण दस्तावेजों सहित करीब 3.75 लाख रुपये की चोरी कर ली। चोर अपने साथ एसबीआई का हस्ताक्षर किया हुआ कोरा चेक और एटीएम कार्ड भी ले गए हैं, जिसके चलते पुलिस बैंक खातों पर विशेष नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार, जगदीश साहू वर्तमान में सीआईएसएफ की तीसरी रिजर्व बटालियन, उतई (भिलाई-दुर्ग) में सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। उनके ग्राम अमसेना स्थित मकान में उनकी पत्नी उषा साहू और छोटा बेटा आदर्श रहते हैं। 25 जून की सुबह करीब 10 बजे दोनों घर में ताला लगाकर मुंगेली जिले के बीरगांव में एक रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
26 जून की सुबह करीब 9 बजे जब वे वापस लौटे तो मकान के मुख्य गेट का ताला और हैंडल लॉक टूटा मिला। घर के भीतर प्रवेश करने पर बेडरूम, पूजा कक्ष और बेटे के कमरे के दरवाजे खुले हुए थे। चोरों ने भूतल के कमरों के अलावा छत पर बने कमरे में भी तोड़फोड़ की थी। बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी और लोहे के बक्सों के ताले किसी कटर या भारी औजार से तोड़ दिए गए थे।
चोर अलमारी में रखे एक लाख रुपये नकद, दो सोने की चेन, एक नेकलेस, दो जोड़ी सोने की बालियां, चांदी का करधन तथा अन्य सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 3.75 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा चोर एसबीआई की चकरभाठा शाखा का हस्ताक्षर किया हुआ कोरा चेक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, जमीन से संबंधित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर हिर्री पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही हस्ताक्षर किए हुए कोरे चेक और एटीएम कार्ड के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए संबंधित बैंक खातों की निगरानी भी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार के अवैध लेनदेन को समय रहते रोका जा सके।
