
29 जून से 6 जुलाई तक जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम, “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को मिलेगा जन-जन तक विस्तार

बिलासपुर। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर परिसर में शनिवार को एक अव्यवस्थित प्रेस वार्ता आयोजित कर 29 जून से 6 जुलाई तक मनाए जाने वाले सहकारिता सप्ताह की विस्तृत रूपरेखा पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत की गई। प्रेस वार्ता में सहकारिता के क्षेत्र में केंद्र सरकार के विजन एवं सहकारी आंदोलन को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह एवं छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित किया।
रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि यह सप्ताह केवल कार्यक्रमों का आयोजन नहीं, बल्कि “सहकार से समृद्धि” के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में पहली बार पृथक सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया, जिससे सहकारिता आंदोलन को नई दिशा, नई पहचान और नई गति मिली है। आधुनिक तकनीक, पारदर्शिता, डिजिटलीकरण तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ सहकारिता को जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। इन प्रयासों से सहकारिता क्षेत्र में नई ऊर्जा एवं विश्वास का वातावरण निर्मित हुआ है।

रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सहकारिता को ग्रामीण विकास एवं किसानों की समृद्धि का प्रभावी माध्यम मानते हुए विभिन्न योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कर रही है। वहीं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्रिय, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने सहकारिता सप्ताह की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सहकारी क्षेत्र की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता, हितधारकों की सहभागिता, सदस्यता विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देना है।
सहकारिता सप्ताह के प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं—
29 जून: प्राथमिक कृषि साख समितियों में सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान तथा दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों के माध्यम से आय वृद्धि पर परिचर्चा।
30 जून: जिला सहकारी विकास समिति की बैठक एवं साख समितियों की भूमिका पर विचार-विमर्श।
1 जुलाई: ड्रोन के माध्यम से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन, कृषक संगोष्ठी एवं मृदा स्वास्थ्य पर परिचर्चा।
2 जुलाई: मॉडल साख समितियों का भ्रमण, माइक्रो एटीएम एवं रुपे कार्ड का वितरण।
3 जुलाई: वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान, सहकारी समाचार पत्रों का प्रचार-प्रसार तथा “सहकार संकल्प दौड़” का आयोजन।
4 जुलाई: जनऔषधि केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर तथा सहकारिता विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता।
5 जुलाई: राज्य के आकांक्षी जिलों में विशेष सदस्यता अभियान।
6 जुलाई: आईएफसी के लिए चिन्हित पैक्स गोदामों का भूमिपूजन।

प्रेस वार्ता में जिला सहकारी बैंक की उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) मोहित जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष (शहर) दीपक सिंह, मीडिया संयोजक प्रणव शर्मा समदरिया, जिला सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा, शैलू गोरख, यश देवांगन सहित बैंक एवं सहकारिता विभाग के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
