
बिलासपुर। मंगला चौक स्थित एक चाय दुकानदार से कथित तौर पर गुंडा टैक्स नहीं मिलने पर बदमाश ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने पहले चाकू दिखाकर धमकाया और बाद में लोहे की वस्तु तथा पत्थर से मारपीट कर घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुदुदंड निवासी अजय खुटे मंगला चौक पर चाय की दुकान संचालित करता है। अजय ने पुलिस को बताया कि प्रदीप वर्मा उर्फ पहू नामक युवक अक्सर उसकी दुकान पर आकर मुफ्त में चाय-नाश्ता करता था और नशे के लिए जबरन पैसे मांगता था।
पीड़ित के अनुसार, रविवार को भी आरोपी ने उससे पैसे की मांग की थी। पैसे नहीं देने पर उसने चाकू दिखाकर धमकी दी थी। इसके बाद सोमवार दोपहर करीब 2 बजे आरोपी फिर दुकान पर पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगा।
अजय द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने लोहे की किसी वस्तु से उसकी बाईं आंख के पास और नाक पर वार कर दिया। बचाव करने के दौरान आरोपी ने पास में रखे पत्थर से उसके दाएं हाथ पर भी हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद बल्ला कश्यप और जितेंद्र बघेल ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
