

बिलासपुर, 19 जून। महिलाओं के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आत्मनिर्भर विकास को केंद्र में रखते हुए शनिवार 20 जून को बिलासपुर में “चाय पर चर्चा” महिला संवाद एवं सशक्तीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने विचार, अनुभव और सुझावों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभा सकें।
यह कार्यक्रम 20 जून 2026 (शनिवार) को शाम 3 बजे से 4 बजे तक होटल रीति रिवाज, सिपत चौक, बिलासपुर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में भारवि वैष्णव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगी। वे प्रशासनिक अधिकारी, सीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग रायपुर-बिलासपुर, धर्मजागरण समन्वय (मातृशक्ति कार्य) की छत्तीसगढ़ प्रांत सह-संयोजिका तथा भारतीय स्त्री शक्ति की छत्तीसगढ़ प्रांत सचिव हैं। वहीं, पत्रकार एवं भारतीय स्त्री शक्ति की सदस्य विशेष वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगी।
कार्यक्रम का आयोजन गार्गी फाउंडेशन की अध्यक्ष बिन्दु सिंह कच्छवाहा के नेतृत्व में किया जा रहा है।
आयोजक एवं गार्गी फाउंडेशन की अध्यक्ष बिंदु सिंह कछवाहा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तीकरण, परिवार एवं समाज में महिलाओं की भूमिका, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता, संस्कार, सुरक्षा तथा वर्तमान सामाजिक चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुला संवाद और विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने और सामाजिक बदलाव के लिए सुझाव देने का अवसर भी मिलेगा।
आयोजक संस्था ने बिलासपुर एवं आसपास के क्षेत्रों की सभी मातृशक्तियों, बहनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।
आयोजकों का कहना है कि एक कप चाय के साथ होने वाली यह सार्थक चर्चा महिलाओं को अपने विचार रखने, नई संभावनाओं पर चिंतन करने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगी। कार्यक्रम में महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया है।
