ऑटो चालकों पर यातायात पुलिस की सख्ती, एक दिन में 100 से अधिक और महीनेभर में 1177 पर कार्रवाई

बिलासपुर, 18 जून। यातायात पुलिस बिलासपुर ने शहर में ऑटो चालकों द्वारा किए जा रहे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने बताया कि केवल एक दिन में 100 से अधिक ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि पिछले एक माह में कुल 1177 उल्लंघनकर्ताओं पर चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत ऑटो चालकों को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म पहनकर वाहन संचालन करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में ऑटो यूनियनों और संगठनों के साथ बैठक कर सात दिनों की मोहलत भी दी गई थी, लेकिन कई चालक अब भी निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यूनिफॉर्म व्यवस्था लागू होने से किसी विवाद, दुर्घटना या आपराधिक गतिविधि की स्थिति में चालक की पहचान करना आसान होगा। इसके अलावा इससे यात्री सुरक्षा भी मजबूत होगी।

यातायात पुलिस ने नशे की हालत में ऑटो चलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे जाएंगे।

पुलिस ने बताया कि आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) और नेक्स्ट जेन एम-परिवहन प्रणाली के माध्यम से भी ऑटो चालकों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तकनीकी माध्यमों से भी कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखें, ताकि शहर में सुरक्षित और सुगम परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!