यार्ड से ट्रक के चार टायर चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 80 हजार का माल बरामद

बिलासपुर। हिरी पुलिस ने ट्रक यार्ड से टायर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम झल्फा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़ी ट्रक क्रमांक सीजी 04 पीआईआई 0757 से 9.20 साइज के चार टायर डिस्क सहित चोरी हो गए थे। चोरी की यह वारदात 9 जून की रात से 10 जून की सुबह के बीच हुई थी। चोरी गए टायरों की कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में ट्रक मालिक दीपक सिंह मरकाम की शिकायत पर थाना हिरी में धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान 16 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भोजपुरी टोल प्लाजा के पास तीन युवक ट्रकों के टायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों में ऋषि धीवर (27 वर्ष) निवासी सेमरताल थाना कोनी, संदीप कश्यप (32 वर्ष) एवं शेखर चन्द्राकर (20 वर्ष) निवासी ग्राम गढ़वट थाना रतनपुर शामिल हैं। आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी मालटन उर्फ मीनू बैसवाड़े के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए चारों टायर एवं डिस्क बरामद कर लिए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!