

बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने कबाड़ी दुकान में एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट, धमकी और लूटपाट करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टाटा पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है। मामले में कुल छह आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोहम्मद फिरोज, रोहित, राहुल, रितिक, तौसिफ एवं उनके अन्य साथियों ने उसके साले को एक कबाड़ी दुकान में बंधक बनाकर रखा। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर रुपये की मांग की। इसके अलावा प्रार्थी का टाटा कंपनी का पिकअप वाहन भी जबरन अपने कब्जे में ले लिया।
शिकायत के आधार पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 445/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 127(2), 308(2) एवं 309(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद फिरोज (42 वर्ष), निवासी मसानगंज तथा अब्दुल सफीर (32 वर्ष), निवासी यदुनंदन नगर तिफरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी मोहम्मद फिरोज के कब्जे से घटना में लूटा गया टाटा पिकअप वाहन बरामद कर जब्त किया गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
