
शशि मिश्रा
पिकनिक मनाने के दौरान नशे में विवाद होने पर गुण्डे बदमाश ने एक युवक के साथ मारपीट कर चाकू से जान लेवा हमला कर दिया है। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
मोपका पुलिस सहायता केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, 10 मई को सिरगिट्टी क्षेत्र के 20 युवक पिकनिक मनाने के लिए चिल्हाटी खुटीपारा शनि मंदिर के पास नदी में गए थे। सभी युवक पिकनिक मनाने के लिए दौरान शराब पी रहे थे। नशे में सिरगिट्टी क्षेत्र के आदतन बदमाश सांवत साव गणेशनगर निवासी हरीश महिलांगे पिता रामावतार महिलांगे के साथ विवाद करने लगा। हरीश ने नशे में उसके साथ गाली गलौज की तो सांवत ने उसके साथ हाथ मुक्का से मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर व चेहरे में गंभीर चोट आई है। चाकूबाजी की वारदात से युवकों में हड़कंप मच गया। युवकों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंचकर नशे में हमलावर सांवत साव को पकड़कर घायल हरीश महिलांगे को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया है। बताया जाता है सांवत साव सिरगिट्टी थाने का गुण्डा बदमाश है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित 13 मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
