
शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एलएलबी के एक छात्र पर ब्लेड से हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। हमले में छात्र की गर्दन पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर कानून की पढ़ाई कर रहे साहिल बर्मन सोमवार को कोसलेन्द्र राव लॉ कॉलेज में एलएलबी सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने साथियों के साथ कॉलेज परिसर के बाहर परीक्षा को लेकर चर्चा कर रहे थे।
इसी दौरान जवाली पुल के पीछे रहने वाले समीर नामक युवक से उनकी मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई। बताया जा रहा है कि साहिल के साथ मौजूद अन्य छात्र वहां से अपने किराये के कमरे के लिए रवाना हो गए, जबकि साहिल और समीर मौके पर ही रुक गए।
दोपहर करीब तीन बजे साहिल ने अपने एक साथी को फोन कर बताया कि समीर ने विवाद के दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर उसका साथी सिम्स अस्पताल पहुंचा, जहां साहिल खून से लथपथ हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मिला। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। गर्दन पर गंभीर चोट होने के कारण मामले को संवेदनशील और गंभीर माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल छात्र का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी समीर की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटना के कारणों और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
कॉलेज परिसर से जुड़े इस हमले की घटना के बाद छात्रों में भी चिंता और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जाएगा तथा दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
