19.75 टन कोयला गबन मामले में फरार कांटा बाबू गिरफ्तार

शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा, 15 जून। बलौदा थाना पुलिस ने महावीर कोलवासरी में 19.75 टन कोयले के गबन के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कांटा बाबू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान ईश्वरी प्रसाद पटेल (30 वर्ष) निवासी बस्तीपारा, ग्राम खोहा, थाना बलौदा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार महावीर कोलवासरी में कार्यरत राजकुमार मिश्रा ने 28 दिसंबर 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर आए दो ट्रकों की तौल के दौरान अनियमितता की आशंका हुई। गार्ड और कोल यार्ड सुपरवाइजर को वाहनों में कोयले की मात्रा कम दिखाई देने पर संदेह हुआ।

जांच में पता चला कि नाइट शिफ्ट में तैनात ठेका कर्मचारी एवं कांटा बाबू ईश्वरी प्रसाद पटेल ने ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना अन्य वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर कांटा पर्ची जारी कर दी थी। इसके बाद ट्रकों को अनलोडिंग के लिए कोल यार्ड भेज दिया गया।

अनलोडिंग के दौरान संदेह होने पर दोनों ट्रकों का दोबारा वजन कराया गया, जिसमें एक ट्रक में 7.05 टन और दूसरे में 12.70 टन कोयला कम पाया गया। इस तरह कुल 19.75 टन कोयले की कमी सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई।

मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 02/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। आरोपी घटना के बाद से फरार था।

पुलिस ने 15 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम खोहा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे सहित बलौदा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!