चमत्कार से अमीर बनाने का झांसा देकर ढाई लाख की ठगी करने वाला एक आरोपी दुर्ग से गिरफ्तार, हैदर अली अंसारी ने खुद को बताया था अयोध्या का पंडित

बिलासपुर। व्यापार विहार क्षेत्र में एक किराना व्यापारी को अमीर बनाने का झांसा देकर ढाई लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को तारबाहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोगदा निवासी जनकराम साहू (57) 12 जून को व्यापार विहार स्थित गल्ला बाजार में किराना सामान खरीदने आए थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को अयोध्या का पंडित बताते हुए उन्हें अमीर बनाने का लालच दिया। बातों में उलझाकर दोनों आरोपियों ने ढाई लाख रुपये से भरा थैला लेकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर तारबाहर थाना में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी हैदर अली अंसारी (60), निवासी केला बाड़ी, दुर्ग को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और ठगी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले का दूसरा आरोपी वासिम खान निवासी दुर्ग फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत, उपनिरीक्षक संजय शर्मा तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!