जोगीअमराई में फरसा-चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

बिलासपुर/रतनपुर। रतनपुर पुलिस ने जोगीअमराई क्षेत्र में फरसा और धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दोनों हथियार जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि जोगीअमराई स्थित बजरंग बली मंदिर के पास एक युवक फरसा और धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जागेश्वर पाव (20 वर्ष), पिता रामकिशुन पाव, निवासी जोगीअमराई, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक फरसा और धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक कौशल खुंटे और आरक्षक पवन ठाकुर की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!