
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के परसदा मेन रोड स्थित एक व्यावसायिक परिसर में चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नकदी और चांदी के सिक्के चोरी करने के साथ ही बदमाशों ने दुकानों में रखे लैपटॉप, कैमरा, फ्रिज, टैबलेट समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चोरभट्ठीकला निवासी आनंद कौशिक ने शिकायत दर्ज कराई है कि वे 12 जून की रात अपनी शगुन रंग पेंट की दोनों दुकानें बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन चोरी की सूचना मिलने पर जब वे दुकान पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच में पाया गया कि चोर पीछे की खिड़की का ग्रिल और कांच तोड़कर दुकान के भीतर घुसे थे।
दुकान में रखे लैपटॉप, मॉनिटर, टैबलेट, कैमरा, वैक्यूम क्लीनर, फ्रिज, स्वाइप मशीन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों को नुकसान पहुंचाया गया। वहीं पूजा स्थल में रखे चार चांदी के सिक्के और कैश काउंटर में रखी नकदी चोरी कर ली गई।
पास की दो अन्य दुकानें भी बनीं निशाना
बदमाशों ने पास स्थित गया प्रसाद पटेल की ट्रांसपोर्ट दुकान में भी सेंधमारी की। वहां खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और अलमारी में रखी नकदी चोरी कर ली गई।
इसके अलावा विशाल सोनी की गुरु कृपा मार्ट डेली नीड्स दुकान में पीछे की दीवार तोड़कर प्रवेश किया गया। दुकान का कैश काउंटर क्षतिग्रस्त मिला, जबकि कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम और अन्य सामान बिखरा हुआ पाया गया।
लगातार तीन दुकानों में हुई चोरी और तोड़फोड़ की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
