अर्पण अभियान में बड़ी सफलता: 101 गुम मोबाइल मालिकों को लौटाए, 15 लाख की संपत्ति बरामद

बिलासपुर। गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस के अर्पण अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले एक माह के दौरान पुलिस ने 101 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 700 से अधिक मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में बरामद मोबाइल संबंधित लोगों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में करीब 120 लोग उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू और जिले के सभी थाना क्षेत्रों की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। विभिन्न थानों में मोबाइल गुम होने संबंधी प्राप्त आवेदनों के आधार पर सूची तैयार की गई, जिसके बाद एसीसीयू की तकनीकी टीम और सीसीटीएनएस शाखा ने आईएमईआई नंबर, लोकेशन ट्रैकिंग तथा अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइलों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान कई मोबाइल फोन बिलासपुर के अलावा अन्य जिलों और राज्यों में उपयोग होते पाए गए। पुलिस ने तकनीकी सहायता और समन्वय के माध्यम से उन मोबाइलों को भी ट्रेस कर बरामद किया और वापस मंगवाया।

सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि मोबाइल बरामदगी अभियान लगातार जारी है। जिन मामलों में मोबाइल अभी तक नहीं मिले हैं, उनमें भी ट्रेसिंग और बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अर्पण अभियान का उद्देश्य लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति जल्द से जल्द वापस दिलाना है और इसके लिए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!