

बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 नग नाइट्रोजेपम (नाइट्रा) टेबलेट बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 57,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भैरव बाबा मंदिर स्थित पुष्प वाटिका के पास एक युवक लोगों से विवाद कर रहा है तथा अपने पास नशीली टेबलेट रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम के साथ मौके पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान नवीन कुमार बैसवाड़े (28 वर्ष), निवासी उसराभाठा नेवसा, थाना रतनपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13 नग नाइट्रोजेपम (नाइट्रा) टेबलेट बरामद की गई।
पुलिस ने नशीली टेबलेट जब्त कर आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक संतोष पात्रे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली तथा आरक्षक धनराज कुम्भकार और आकाश डोंगरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
