बिल्हा पुलिस ने चोरी के फरार आरोपी को दबोचा, कूलर-मिक्सी बरामद

बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने चोरी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी लंबे समय से ठिकाना बदल-बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस के अनुसार थाना बिल्हा में दर्ज अपराध क्रमांक 251/2026 के तहत प्रार्थी अनंत विजय कान्त, निवासी पत्थरखानभाठा के घर में 9 मई 2026 को चोरी की घटना हुई थी। आरोपियों ने घर से फ्रिज, गैस सिलेंडर, मिक्सी, इंडक्शन, कूलर, आलमारी, टीवी, बर्तन, 5 हजार रुपये नकद समेत अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया था।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी रजत यादव को गिरफ्तार कर 12 मई 2026 को चोरी का सामान बरामद करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं दूसरे आरोपी आशीष उर्फ सरजू यादव (27 वर्ष), निवासी पत्थरखानभाठा, घटना के बाद से फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा अनिता प्रभा मिंज के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का एक प्लास्टिक कूलर और मिक्सी बरामद कर जब्त किया। इसके साथ ही मामले में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी होने का दावा किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक संतोष यादव तथा आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!