

बिलासपुर। शहर में नालियों के बीच से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन और दूषित पानी की आशंका को लेकर उठे सवालों के बाद नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार को नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने विभागीय समीक्षा बैठक में पेयजल व्यवस्था, वर्षा पूर्व तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

दृष्टि सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पेयजल आपूर्ति, जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, इंजेक्ट वेल निर्माण तथा वर्षा ऋतु की तैयारियों पर चर्चा की गई। कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान जलभराव और दूषित पानी की शिकायतें किसी भी स्थिति में नहीं आनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने भवन अधिकारी और सभी जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया कि इंजेक्ट वेल एवं उससे संबंधित संरचनाओं का निर्माण 30 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही शहर के प्रमुख नालों और नालियों की सफाई अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी सुचारू बनी रहे।

बैठक में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने, पाइपलाइन नेटवर्क की स्थिति पर नजर रखने तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। निगम प्रशासन का कहना है कि मानसून से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

