10 हजार रुपये मांगना पड़ा भारी, टांगी से हमला कर काट दिया कान, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

शशि मिश्रा

अकलतरा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में उधार दिए गए 10 हजार रुपये वापस मांगने पर एक व्यक्ति पर टांगी से जानलेवा हमला कर उसका दाहिना कान काट देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम खोंड निवासी रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय ने 8 जून को थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दिवाली से पहले परिचित शनि केंवट को मकान निर्माण के लिए 10 हजार रुपये उधार दिए थे। रविवार रात करीब 8 बजे जब उन्होंने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो वह भड़क गया और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।

आरोप है कि इसके बाद शनि केंवट प्रार्थी के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर उसने लोहे की टांगी से हमला कर दिया, जिससे रघुनंदन का दाहिना कान कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मामले की सूचना मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 118(2), 296, 351(3) एवं 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी शनि केंवट (45 वर्ष), निवासी खोंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कार्रवाई में एएसआई सुरेंद्र कश्यप, प्रधान आरक्षक शरीफुद्दीन खान सहित थाना अकलतरा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!