
बिलासपुर। नगर निगम द्वारा मोपका में संचालित पशु आश्रय केंद्र की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर गौ सेवकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। गौ सेवकों ने आश्रय केंद्र का निरीक्षण कर वहां की अव्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता जताई और आरोप लगाया कि केंद्र में रखी गई गायों को पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी और समय पर उपचार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
गौ सेवकों का कहना है कि आश्रय केंद्र में कई गायों की हालत चिंताजनक है। पशुओं के रख-रखाव में लापरवाही साफ नजर आ रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उनका आरोप है कि जिस उद्देश्य से नगर निगम ने इस पशु आश्रय केंद्र की स्थापना की थी, वर्तमान में वह उद्देश्य पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा है।
गौ सेवकों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने मांग की कि आश्रय केंद्र में गायों के लिए पर्याप्त मात्रा में हरे चारे और भूसे की व्यवस्था की जाए, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा बीमार पशुओं के उपचार के लिए नियमित पशु चिकित्सक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
गौ सेवकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो वे इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पशु आश्रय केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और गायों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने की मांग की है।
