
यूनुस मेमन

बिलासपुर, 10 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, देशी शराब, कच्ची महुआ शराब तथा बिक्री की रकम बरामद की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने ग्राम बिरगहनी और लखराम में दबिश दी। ग्राम बिरगहनी निवासी जयराम गंधर्व (50 वर्ष) के घर से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। वहीं ग्राम लखराम निवासी देवकुमार उर्फ देवा भारद्वाज (48 वर्ष) के कब्जे से 100 पाव देशी प्लेन शराब (18 लीटर) एवं 2 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।

इसी दौरान ग्राम कलमीटार में दुर्गा मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गीता बाई बंजारे (39 वर्ष) के कब्जे से 310 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये है, तथा गांजा बिक्री से प्राप्त 270 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनोज एक्का, देवकी रावटे, प्रधान आरक्षक दिनेश कांत, सैय्यद अकबर अली, बलदेव सिंह तथा आरक्षक धनराज कुम्भकार, संजय यादव, पवन ठाकुर एवं महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान रहा।
