
बिलासपुर। शहर में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत के मामलों में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई है।
पहला मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी के पास 23 अक्टूबर 2025 को धुरीपारा निवासी परदेशी राम सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद रायपुर के गोलबाजार थाने में शून्य पर मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया था। अप्रैल 2026 में मर्ग डायरी बिलासपुर स्थानांतरित होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने जांच पूरी कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
दूसरा मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। बहतराई निवासी उमेश राव (31) व्यापार विहार स्थित शराब दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। 31 मार्च की रात करीब 11:30 बजे वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। मिनोचा कॉलोनी पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आ रही एक सफेद कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उमेश बाइक समेत डिवाइडर से जा टकराया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसे तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मर्ग जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस दोनों मामलों में संबंधित वाहनों और चालकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
