

मुंगेली, 12 जून। नए शिक्षण सत्र के प्रारंभ होने से पहले स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। एसएनजी कॉलेज मैदान में आयोजित इस अभियान में जिले में संचालित स्कूल बसों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस जांच अभियान के दौरान सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। जांच के लिए कुल 29 स्कूल बसें पहुंचीं, जिनमें से 10 बसों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान फर्स्ट एड बॉक्स, जीपीएस, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की कमी सामने आई। संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे सभी कमियों को तत्काल दूर करें और शिक्षण सत्र शुरू होने से पहले बसों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें। वहीं निरीक्षण में अनुपस्थित रही बसों के संचालकों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की गई।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी सहभागिता निभाई। बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उनका रक्तचाप, शुगर एवं नेत्र परीक्षण किया गया, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने बताया कि स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण किया जाता है तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। साथ ही सभी विद्यालय प्रबंधन से विद्यार्थियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील भी की गई।
अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
