
बिलासपुर। चकरभाठा थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लूट और मारपीट की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 की रात ट्रांसपोर्ट नगर स्थित साहू ढाबा के पास ट्रक चालक सोनू बाजरा खाना खाकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवकों ने उसे रोककर मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये लूट लिए तथा मौके से फरार हो गए।
इसके कुछ दिन बाद 4 मई 2026 को उसी क्षेत्र में गुलशन साहू नामक युवक के साथ भी तीन अज्ञात आरोपियों ने मारपीट की। आरोपियों ने लोहे की रॉड और बुलेट की चाबी से हमला कर उसे घायल कर दिया। दोनों घटनाओं की रिपोर्ट पर थाना चकरभाठा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और हुलिए के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राहुल साहू और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी राहुल साहू पिता रामाश्रय साहू उम्र 25 वर्ष निवासी नयापारा वार्ड क्रमांक 11 सिरगिट्टी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों से लूट में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 3700 रुपये नगद जब्त किए हैं।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
