
शशि मिश्रा

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अंर्तगत आने वाले ग्राम उर्तुम में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित परिवार दसगात्र कार्यक्रम में अपने गृह ग्राम गया था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उर्तुम निवासी मीनाबाई गंधर्व ने मोपका पुलिस सहायता केन्द्र में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीते 31 मई को वह अपने पति और बच्चों के साथ ससुराल ग्राम नेवसा में एक दसगात्र कार्यक्रम में
शामिल होने गई थी। इस दौरान घर पर ताला बंद था। 7 जून को सुबह करीब 10 बजे जब पूरा परिवार वापस लौटा तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के भीतर अलमारी भी टूटी पाई गई। अलमारी के भीतर रखे तीन जोड़ी चांदी के पायल, एक सोने का मंगलसूत्र, एक चांदी का चम्मच और सोने की फुल्ली चोरी हो गई है। चोरी गए इन कुल मशरूके की कीमत लगभग 30 हजार रुपए आकी गई है। मोपका चौकी में शिकायत मिलने के बाद मामले की मूल डायरी को सरकंडा थाना स्थानांतरित किया गया है। बीएनएस 2023 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी गई है।
