शांता फाउंडेशन द्वारा उत्कृष्ट छात्र सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन


बिलासपुर। समाजसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रही शांता फाउंडेशन संस्था द्वारा सिंधु भवन, तोरवा में “उत्कृष्ट छात्र सम्मान समारोह-2026” का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया गया। संस्था द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह का द्वितीय वर्ष रहा, जिसका उद्देश्य 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर उन्हें भविष्य में और बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।


कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों का प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया।
इस सम्मान समारोह में सेजस मंगला स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलक नगर, मिनीमाता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिकारी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला देवरी खुर्द के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। शांता फाउंडेशन द्वारा लगभग 70 से 80 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विनय पाठक (पूर्व अध्यक्ष, राजभाषा आयोग, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शांता फाउंडेशन द्वारा शिक्षा और समाज हित में किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की।
विशिष्ट अतिथि डॉ. पूनम सिंह ने बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए महिला स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वहीं जिला परियोजना अधिकारी जितेंद्र कुमार पाटले ने कहा कि आर्थिक अभाव एवं उचित मार्गदर्शन के अभाव में कई प्रतिभाएं पीछे रह जाती हैं। ऐसे विद्यार्थियों की सहायता हेतु उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया तथा विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों में महिला मोर्चा बेलतरा की उपाध्यक्ष रीना झा, लायंस कैपिटल की मीडिया प्रभारी सायरा बानो, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) भारत स्काउट एंड गाइड डॉ. पूनम सिंह, नवल वर्मा (प्रबंधक, श्री शिशु भवन हॉस्पिटल), सिंधी युवक समिति अध्यक्ष मनीष लाहोरानी, किशोर विधानी, डॉ. योगेंद्र गुप्ता, डॉ. खुशबू गंभीर (फिजियोथैरेपिस्ट), सत्यनारायण अग्रवाल एवं श्रीवास्तव जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में नवल वर्मा ने विद्यार्थियों की सफलता के पीछे अभिभावकों के त्याग, समर्पण एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि शांता फाउंडेशन समाज के उत्थान, गाय माता की सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र सहित अन्य सभी क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है, जो निश्चित रूप से प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शांता फाउंडेशन के संस्थापक नीरज गेमनानी ने कहा कि संस्था विगत कई वर्षों से समाज के विभिन्न वर्गों के लिए निरंतर सेवा कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में अपने प्रयासों को और अधिक व्यापक बनाएगी। उन्होंने कहा कि शांता फाउंडेशन 24×7 समाज सेवा के लिए समर्पित है और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना ही संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने इस सफल आयोजन के लिए शांता फाउंडेशन को बधाई देते हुए संस्था के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में नीरज गेमनानी, सृष्टि सिंह, हीरानंद छुगानी, जसमीत टूटेजा, अनिता तिवारी, शिवा नामदेव एवं अमित सुखवानी का विशेष सहयोग रहा। अंत में सृष्टि सिंह द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से निभाते हुए शांता फाउंडेशन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभाओं को सम्मान देकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!