अवैध संबंध के शक में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा बाजार चौक में रविवार रात फल व्यवसायी मनीष गोस्वामी उर्फ केवल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायल मनीष की सोमवार सुबह सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे मनीष अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान तिफरा निवासी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट (32) वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने पीछे से मनीष को पकड़कर धारदार चाकू से गले और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर पहुंची उसकी पत्नी पूजा ने हमलावर का नकाब खींचा, जिससे उसकी पहचान दुर्गेश साहू के रूप में हुई।

घटना के बाद घायल मनीष को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे रायपुर से गिरफ्तार कर बिलासपुर ले आई।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मृतक मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि मनीष उस महिला को सैदा गांव में रखता था। इसी बात को लेकर दुर्गेश साहू उससे नाराज था और रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।

पत्नी ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप

मृतक की पत्नी पूजा ने आरोप लगाया कि गोलू सर्किट पिछले दो-तीन वर्षों से उसके परिवार को धमकाता था। वह कभी बच्चे को नुकसान पहुंचाने तो कभी उसे उठाकर ले जाने की धमकी देता था। इस संबंध में उसने कई बार सिरगिट्टी थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पूजा का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो उसके पति की जान बच सकती थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!