
शशि मिश्रा
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अज्ञात चोरों के द्वारा स्टोर रूम की जाली तोड़कर हजारों रूपए का सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संस्थान में मेंटेनेंस मैकेनिक पद पर पदस्थ महेश चन्द्र बागले 30 अप्रैल को शाम करीब 5.20 बजे भंडारण कक्ष में ताला लगाकर घर गए थे। इसके बाद शासकीय अवकाश और फिर अर्जित अवकाश होने के कारण स्टोर रूम बंद था। इस दौरान किसी अज्ञात चोर ने स्टोर रूम की लोहे की जाली को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जब कर्मचारी वापस लौटे और कमरे की जांच की तो वहां रखा भारी मात्रा में कीमती सामान गायब मिला। चोरी गए सामानों में सिलाई मशीन, सिलिंग फैन, खेल संबधी तावा एंव गोला, वेल्डिंग नोजल, वेल्डिंग केवल, सरफेस प्लेट, फ्लैट फाइल, फ्लायर के 3 बाक्स, स्क्रू ड्राइवर और भारी मात्रा में स्क्रैप शामिल है। गायब हुए इस शासकीय सामान की कुल कीमत लगभग 39 हजार 266 रूपए आंकी गई है। कोनी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात – चोर की तलाश शुरू कर दी है।
