

बिलासपुर। चकरभाठा पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग के पास धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग क्षेत्र में एक युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही चकरभाठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान देवा कुर्रे (25 वर्ष) निवासी मिनी बस्ती जरहाभाठा, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
