
यूनुस मेमन

बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। रतनपुर और कोटा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में अवैध शराब के परिवहन और निर्माण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब, वाहन और उपकरण जब्त किए हैं।
रतनपुर पुलिस ने दो शराब तस्करों को दबोचा
रतनपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कलमीटार रोड में घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से अवैध रूप से शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब (7.2 लीटर) तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 3,200 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में लारीपारा खरगहना निवासी झलक पात्रे (40) और बीजा निवासी संतोष भारती (46) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी रतनपुर क्षेत्र से शराब लेकर कोटा के लारीपारा इलाके में बिक्री के लिए जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कोटा पुलिस का महुआ शराब के अवैध कारखाने पर छापा
इधर, कोटा पुलिस ने चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के तहत ग्राम पोड़ी में अरपा नदी किनारे संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण केंद्र पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब और उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से 240 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 48 हजार रुपये आंकी गई है, जब्त की। इसके अलावा तीन टुल्लू पंप और एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। मामले में देव प्रसाद बारले, करण लहरे और अन्य सहयोगियों को आरोपी बनाया गया है, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
