विश्व साइकिल दिवस पर मुंगेली पुलिस की साइकिल रैली, फिटनेस के प्रति किया जागरूक

मुंगेली, 7 जून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मुंगेली पुलिस द्वारा रविवार को “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस अभियान में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आमजन को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में मुंगेली एवं लोरमी नगर में साइकिल रैलियां निकाली गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

मुंगेली में रक्षित निरीक्षक नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा बघेल एवं थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में थाना सिटी कोतवाली परिसर से साइकिल रैली निकाली गई। रैली दाऊपारा चौक, रेस्ट हाउस, लोरमी तिराहा और पड़ाव चौक से होते हुए पुनः कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने नागरिकों को फिट रहने के लिए नियमित साइकिल चलाने का संदेश दिया।

इसी प्रकार लोरमी में थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव के नेतृत्व में थाना परिसर से साइकिल रैली निकाली गई। रैली रेस्ट हाउस चौक, बस स्टैंड एवं तहसील चौक से होकर वापस थाना पहुंची। कार्यक्रम में आमजन एवं स्कूली बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

मुंगेली पुलिस ने फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा देने के लिए जिले के 90 अधिकारी-कर्मचारियों का पंजीयन फिट इंडिया पोर्टल पर भी कराया। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं फिट भारत के निर्माण में योगदान देने तथा नियमित रूप से साइकिलिंग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों को अपनाने का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि मुंगेली पुलिस भविष्य में भी फिट इंडिया अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप स्वास्थ्य, फिटनेस एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!