

बिलासपुर। शनिवार को 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। भीषण गर्मी और गर्म हवाओं से लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक मौसम में बदलाव की संभावना जताते हुए गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही द्रोणिका तथा आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, लेकिन बिलासपुर में वर्षा नहीं हुई।

पूर्वानुमान के मुताबिक 7 जून को प्रदेश के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 8 से 10 जून तक भी आंधी, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी है। किसानों को भी खुले में रखी कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचने की हिदायत दी गई है।
शनिवार शाम 6 बजे तक शहर का मौसम साफ बना रहा और गर्म हवाएं चलती रहीं, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
