कुर्ता फाड़ने के आरोप पर नया विवाद: वायरल वीडियो के बाद विधायक देवेंद्र यादव समेत 7 पर एफआईआर

बिलासपुर। नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के बाद भिलाई विधायक देवेंद्र यादव एक नए विवाद में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में विधायक स्वयं अपना कुर्ता फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर सहानुभूति बटोरने के लिए माहौल बनाने का आरोप लगाया है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

दरअसल, 3 जून को एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने का प्रयास किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई थी। प्रदर्शन के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनका कुर्ता फाड़ दिया गया। बाद में लाठीचार्ज की घटना भी हुई थी, जिसके विरोध में कांग्रेस लगातार सरकार और प्रशासन पर हमलावर रही।

इसी मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने विधायक देवेंद्र यादव, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा सहित सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 126(2), 190, 191(2), 292 और 293 के तहत रास्ता बाधित करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का मामला दर्ज किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान सड़क अवरुद्ध करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

एफआईआर में विधायक देवेंद्र यादव, विनोद जाखड़, नीरज पांडेय, सिद्धांशु मिश्रा, लक्की मिश्रा, रंजीत सिंह और उमर के नाम शामिल हैं। वहीं कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री का नाम एफआईआर में नहीं होने से संगठन के भीतर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

9 जून को कांग्रेस का कलेक्टोरेट घेराव

इधर किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने 9 जून को कलेक्टोरेट घेराव का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण और जिला किसान कांग्रेस की बैठक में यह निर्णय लिया गया। किसानों की 9 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यालय से कलेक्टोरेट तक पदयात्रा निकाली जाएगी। किसान और कांग्रेस नेता बैलगाड़ियों के साथ कलेक्टोरेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

कांग्रेस का आरोप है कि खाद वितरण में कटौती, टोकन व्यवस्था, डीजल वितरण पर प्रतिबंध और अघोषित बिजली कटौती से किसान परेशान हैं। पार्टी ने प्रति एकड़ एक बोरी खाद की सीमा समाप्त करने, तीन किश्तों में खाद वितरण की व्यवस्था खत्म करने, डीजल वितरण पर लगी रोक हटाने, मुफ्त बिजली और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने सहित कई मांगें उठाई हैं।

बैठक में ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, पूर्व महापौर रामशरण यादव सहित कांग्रेस और किसान कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!