पुरानी रंजिश और गाली-गलौज के विवाद में दो जगह मारपीट, छात्र समेत चार घायल

बिलासपुर। शहर में अलग-अलग क्षेत्रों में मारपीट की दो घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में पुरानी रंजिश के चलते नाबालिग छात्र और उसकी बहन पर हमला किया गया, वहीं दूसरे मामले में गाली-गलौज का विरोध करने पर युवक और उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक के पास शनिवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक ने छात्र और उसकी बहन से मारपीट कर दी। सीएमओ ऑफिस परिसर निवासी ओमेश सिंह ठाकुर अपनी बहन राधिका पैकरा को बाइक से गीतांजलि सिटी छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान विकास यादव उर्फ मुक्कु रैपर ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर लकड़ी के डंडे से ओमेश के दोनों हाथों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची बहन राधिका के साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। आरोपी ने बाइक में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। शिकायत के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

वहीं, मंगला के धुरीपारा में घर निर्माण कार्य के दौरान गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। सतनामी मोहल्ला निवासी अन्नू पात्रे ने बताया कि 5 जून की दोपहर उनके घर में प्लास्टर का काम चल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के सूरज टंडन और सूर्य प्रकाश टंडन शराब के नशे में वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर दोनों ने डंडे से हमला कर अन्नू के सिर पर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए उनके चाचा ओमप्रकाश और चाची शकीना को भी आरोपियों ने धमकाया। डायल-112 की सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग निकले, लेकिन बाद में फिर धमकाने पहुंचे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!