इंजन ऑयल एजेंसी दिलाने के नाम पर रिटायर्ड कर्मचारी से 10 लाख की ठगी, मामला दर्ज

बिलासपुर। इंजन ऑयल की एजेंसी और चैनल पार्टनर बनाने का झांसा देकर एक रिटायर्ड कर्मचारी से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर ओडिशा में दर्ज जीरो एफआईआर सरकंडा थाने भेजी गई है, जहां पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अशोक विहार फेस-2 साइंस कॉलेज रोड निवासी राजेंद्र कुमार देवांगन (63) से दिसंबर 2020 में ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित एसेनवेल्ट स्टोर्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुशील कपूर और उसके सहयोगी यश नारायण शर्मा ने संपर्क किया था। आरोपियों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए राजेंद्र को बिलासपुर में मिनी स्टॉकिस्ट बनाने और कारोबार के मुनाफे में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ चैनल पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया।

आरोप है कि दोनों ने विश्वास में लेकर बिलासपुर में ही स्टांप पेपर पर इकरारनामा तैयार कराया और अलग-अलग किस्तों में कुल 10 लाख रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और संपर्क खत्म कर दिया।

ठगी का अहसास होने पर राजेंद्र देवांगन ने 4 अक्टूबर 2025 को भुवनेश्वर के शहीद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर करीब सात महीने बाद केस डायरी सरकंडा थाने भेजी गई। सरकंडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!