
बिलासपुर। शहर के तालापारा क्षेत्र में रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर को इंस्टाग्राम के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नूरानी मस्जिद के पास निवासी अफजल खान (30) ने पुलिस को बताया कि 31 मई की रात करीब 12 बजे जब उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट खोला, तो “mo_ssssa” नामक एक अज्ञात हैंडल से कई आपत्तिजनक और धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए। आरोपी ने मैसेज में गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, आरोपी ने दावा किया कि उसने अफजल के घर, उनकी बजाज पल्सर 220 बाइक तथा उनकी दैनिक गतिविधियों की पूरी रेकी कर रखी है। धमकी भरे संदेशों से भयभीत अफजल ने इंस्टाग्राम चैट के स्क्रीनशॉट के साथ सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी संचालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कार्रवाई जारी है।
