
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के बंधवापारा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बंधवापारा निवासी दिनेश कुमार यादव शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अपने साथी राजेश और उसके हेल्पर के साथ तालाब के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान मोहल्ले के दीपक प्रजापति और हित्तु प्रजापति वहां पहुंचे और कथित रूप से बिना किसी कारण के गाली-गलौज करने लगे।
दिनेश द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दिनेश के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि हाथ में भी गहरी चोट आने से खून बहने लगा।
घटना के दौरान बीच-बचाव के लिए पहुंचे साथियों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
