

बिलासपुर। शहर के शनिचरी सब्जी मार्केट में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से 17 से अधिक दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे बाजार बंद होने के बाद सभी दुकानदार अपने घर चले गए थे। देर रात बाजार में काम करने वाले कुछ युवकों ने दुकानों से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तत्काल स्थानीय दुकानदारों और बद्री कौशिक को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी गई।

दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक बाजार की कई दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग से दुकानों में रखा सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री नष्ट हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
आगजनी की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक शैलेष पांडेय और कांग्रेस शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और प्रशासन से सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
आग से बद्री कौशिक, संतोष कौशिक, अशोक साहू, अघनिया देवांगन, गंगाराम देवांगन, राजधर पटेल, देवराम देवांगन, समयलाल देवांगन, दशरथ देवांगन, राजेश देवांगन, हरी देवांगन और ताराचंद सहित कई अन्य दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले गुरुवार रात बुधवारी बाजार में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। वहां एक साइकिल दुकान से शुरू हुई आग आसपास की दुकानों तक फैल गई थी, जिससे तीन दुकानों का सामान जलकर नष्ट हो गया था। हालांकि उस मामले में अब तक केवल डॉली ड्रेसेस के संचालक ने ही थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि अन्य प्रभावित दुकानदारों ने रिपोर्ट नहीं कराई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
