

बिलासपुर, 16 जून। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “प्रहार” अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 34 पाव देशी प्लेन शराब और बिक्री की नगद राशि बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही थी।
16 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेमरताल निवासी सुमन भारती अपने किराना दुकान में अवैध रूप से देशी शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से 34 पाव देशी प्लेन मदिरा, जिसकी कुल मात्रा 6 लीटर 120 मिलीलीटर थी, तथा शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद बरामद किए। पुलिस ने शराब और नगदी को जप्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपिया सुमन भारती (36 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरताल, थाना कोनी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक उमेश उपाध्याय, आरक्षक भोपसिंह साहू, उदय पाटले, अजय सोनी तथा महिला आरक्षक सुनीता धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
