वाहन चेकिंग में चोरी की एक्टिवा बरामद, नाबालिग चोर पकड़ा गया

बिलासपुर, 4 जून। सरकंडा पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की एक एक्टिवा स्कूटी बरामद करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ने में सफलता हासिल की है। बालक के कब्जे से बरामद वाहन कुछ दिन पहले बहतराई क्षेत्र से चोरी हुई थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बी.आर. यादव नगर, बहतराई निवासी संगीता साहू ने थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 मई 2026 की रात श्रीधाम कॉलोनी स्थित उनके निर्माणाधीन मकान के पोर्च से सफेद रंग की एक्टिवा क्रमांक सीजी 10 एनबी 4622 अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

इसी दौरान 2 जून को सरकंडा पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार एक बालक को रोककर पूछताछ की गई। वाहन के दस्तावेज मांगने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।

पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन, इंजन और चेसिस नंबर का मिलान थाने के रिकॉर्ड से किया तो पता चला कि यह वही एक्टिवा है जो श्रीधाम कॉलोनी से चोरी हुई थी। पूछताछ में बालक ने उक्त वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसका नाम गोपनीय रखा गया है।

पुलिस ने बालक के कब्जे से चोरी की एक्टिवा जब्त कर ली है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!