DLS कॉलेज के पास चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

बिलासपुर, 4 जून। सरकंडा पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को धारदार बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैला रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि अशोक नगर स्थित DLS कॉलेज और हनुमान मंदिर के पास एक युवक हाथ में धारदार बटनदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कैलाश साहू (27 वर्ष), पिता संतोष उर्फ डैनी साहू, निवासी अशोक नगर, DLS कॉलेज के पास, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 10 इंच लंबा स्टील कलर का बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसमें फल की लंबाई लगभग 4.5 इंच थी।

आरोपी से चाकू रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में चाकू जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 831/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!